गुरुवार, 15 अक्तूबर 2015

*फल खाओगे, बल पाओगे*

फल खाओगे, बल पाओगे
…आनन्द विश्वास

फल खाओगे, बल पाओगे,
सुन्दर तन का हल पाओगे।
काजू किशमिश और मखाने,
शक्ति-पुंज हैं जाने माने।

एप्पल गुण की खान सुनो तुम,
सबसे पहले इसे चुनो तुम।
छिलका सहित चबाकर खाओ,
या फिर इसका शेक बनाओ।

देखो, आम फलों का राजा,
सीज़न फल है खाओ ताजा।
काटो, चूँसो, ज्यूस बनाओ,
पना, मुरब्बा, जैम बनाओ।

चीकू, लीची, जामुन, केला,
इनका स्वाद बड़ा अलवेला।
मौसम्बी का ज्यूस निराला,
पी जाओ बस डाल मसाला।

और नारियल पानी पीकर,
दौड़ो, खेलो प्यास बुझाकर।
खेल खेलकर जब थक जाओ,
नींबू पानी गटको पाओ।

सुपर फूड है सुनो अनार,
दूर करे यह रक्त विकार।
इसको खाओ प्रातः काल,
चेहरा दमके हर दम लाल।

सबसे बढ़िया मस्त चुकन्दर,
खाओ इसको बनो कलन्दर।
कन्दमूल फल सबसे भारी,
इसकी लीला सबसे न्यारी।

खाना, पीना, लिखना, पढ़ना,
बच्चो तुमको आगे बढ़ना।
इसीलिए तो कहता राजा,
फल खाकर मन कर लो ताजा।
…आनन्द विश्वास

Share Button
Read Complete Poem/Kavya Here *फल खाओगे, बल पाओगे*

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें