मंगलवार, 31 मार्च 2015

जीवन की कीमत क्या होगी?

जीवन जाने के बाद ये जाना जान की कीमत क्या होगी।
फूलों की चादर ओढ़े हुए सम्मान की कीमत क्या होगी।
माँ गंगा का किनारा है अभिमान की कीमत क्या होगी।
जिसमें मिल सब एक हुए श्मशान की कीमत क्या होगी?

भूख से दम निकल गया घृत दान की कीमत क्या होगी।
घृणित दृष्टि से देखा सबने स्नान की कीमत क्या होगी।
रहने को नहीं दी जमीं आसमान की कीमत क्या होगी।
प्यासा व्याकुल तड़पा जो गौदान की कीमत क्या होगी।

रुदन हॄदय से कर रहे जो अहसान की कीमत क्या होगी।
गर नम हैं मजबूरी में आँखे मुस्कान की कीमत क्या होगी।
लकड़ी की शैया पर सोया हूँ थकान की कीमत क्या होगी।
धू-धू कर के जल जायेगा इस मकान की कीमत क्या होगी।

बहुत लोग घेरे खड़े हैं मुझको पहचान की कीमत क्या होगी।
मुर्दे की महफ़िल में राजनीति अनुमान की कीमत क्या होगी।
पूरा करने चली आत्मा उस अभियान की कीमत क्या होगी।
चिता देखकर जो मिल जाता उस ज्ञान की कीमत क्या होगी।
वैभव”विशेष”

Share Button
Read Complete Poem/Kavya Here जीवन की कीमत क्या होगी?

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें